औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पांच दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के भतीजे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में मामूली विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, 27 मई को सूरजपुर गांव स्थित एक बंद मकान में 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव मिला था। सूचना मिलने पर बिधूना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मृतका के पुत्र जैनेन्द्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले के खुलासे के लिए बिधूना थाना, स्वाट और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था। शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कमलपुर नहर पटरी से आरोपी टीटू उर्फ आशीष द्विवेदी को गिरफ्तार किया गया। आशीष सूरजपुर का निवासी है और वर्तमान में कानपुर नगर के विकास नगर गुरुदेव में रहता है। मां पर टिप्पणी करने से हुआ नाराज एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि संतोष कुमारी उसके मोहल्ले की बुआ थीं और गांव में अकेली रहती थीं। उनका पुत्र परिवार सहित मध्य प्रदेश के विदिशा में रहता है। आरोपी के अनुसार, 25 मई को वह संतोष कुमारी के घर गया था। बातचीत के दौरान मृतका ने कथित तौर पर उसकी मां के चरित्र पर अभद्र टिप्पणी की और उसे थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित होकर उसने रात करीब 11:30 बजे कुर्सी पर बैठी संतोष कुमारी की गर्दन पर चाकू से पांच-छह वार कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद उसने मृतका का मोबाइल फोन बाथरूम में फेंक दिया और उनके कानों से कुंडल तथा पैरों से पायल उतार ली। इसके बाद घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर वह फरार हो गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू उसने घर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के कुंडल-पायल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


