बंजारी घाटी में पपीते से लदा ट्रक पलटा:कर्नाटक से दिल्ली जा रहा था ट्रक, चालक घायल

बंजारी घाटी में पपीते से लदा ट्रक पलटा:कर्नाटक से दिल्ली जा रहा था ट्रक, चालक घायल

सिवनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित बंजारी घाटी में रविवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। पपीते से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार 31 मई को दोपहर करीब 1 बजे हुई। कर्नाटक के मैसूर से पपीते लेकर दिल्ली जा रहा ट्रक बंजारी घाटी के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक रमन नायक (40 वर्ष) घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे छपारा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ट्रक पलटने से उसमें भरे पपीते सड़क किनारे बिखर गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित बंजारी घाटी क्षेत्र को दुर्घटना संभावित माना जाता है, क्योंकि यहां तीखे मोड़ और ढलान हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से घाटी क्षेत्र में नियंत्रित गति से चलने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *