विंध्यनगर शराब दुकान के बाहर चाकू लहराने का VIDEO:अफरा-तफरी मची, युवक की पहचान के बाद तलाश में पुलिस

विंध्यनगर शराब दुकान के बाहर चाकू लहराने का VIDEO:अफरा-तफरी मची, युवक की पहचान के बाद तलाश में पुलिस

सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक शराब दुकान के बाहर एक युवक ने खुलेआम चाकू लहराया। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। विंध्यनगर चौक के समीप स्थित शराब दुकान पर हुई इस घटना के दौरान युवक के आक्रामक व्यवहार से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद मीडिया कैमरों की नजर पड़ने के बाद स्थिति धीरे-धीरे शांत हो गई और विवाद बढ़ने से बच गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों में कानून का डर कम होता दिख रहा है, जिसके कारण सार्वजनिक स्थानों पर भी ऐसी हरकतें देखने को मिल रही हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में चाकूनुमा वस्तु लेकर लोगों के बीच खड़ा दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले को लेकर विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि अभी तक मारपीट या लड़ाई-झगड़े की कोई लिखित शिकायत थाने में प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि किसी व्यक्ति द्वारा फोन पर घटना की सूचना जरूर दी गई थी, लेकिन जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक संबंधित लोग वहां से जा चुके थे। थाना प्रभारी के अनुसार, सामने आए वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में उसके हाथ में सब्जी काटने वाला चाकू दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *