गुरुग्राम में पांच हजार रुपए का इनामी बदमाश खलील अरेस्ट:गोतस्करी का बड़ा चेहरा, नाकाबंदी तोड़कर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया था

गुरुग्राम में पांच हजार रुपए का इनामी बदमाश खलील अरेस्ट:गोतस्करी का बड़ा चेहरा, नाकाबंदी तोड़कर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया था

गुरुग्राम और मेवात क्षेत्र में गोतस्करी के बड़े चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले खलील उर्फ खल्ली को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। आरोपी को पुराना सोहना-अलवर रोड से गिरफ्तार किया गया है।आरोपी पर पुलिस द्वारा पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। पिछले साल गोतस्करी के दौरान पुलिस नाकाबंदी तोड़कर उसने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास भी किया था। आरोपी खलील उर्फ खल्ली के खिलाफ गोतस्करी, पशुओं के प्रति क्रूरता, अवैध हथियार तथा पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने जैसे अपराधों के संबंध में चार केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम क्षेत्र से गोतस्करी का कार्य करता है। वारदात के दिन भी आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर गायों को अवैध रूप से ले जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था। राजस्थान ले जा रहा था गाय 31 अगस्त 2025 को काउ प्रोटेक्शन यूनिट की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति गोतस्करी के लिए गुरुग्राम क्षेत्र से गायों को राजस्थान ले जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा गढ़ी वाजिदपुर-बैरका रोड पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद एक बिना नंबर की लाल रंग की आयशर गाड़ी आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया। कैंटर पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास
गाड़ी चालक ने पुलिस के रुकने के संकेत की परवाह न करते हुए गाड़ी को तेज गति व लापरवाही से पुलिस टीम की तरफ चलाकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए गाड़ी का पीछा किया गया। आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, जिनमें से शौकीन उर्फ सुंडा निवासी गांव सालाहेड़ी, जिला नूंह को मौके पर काबू कर लिया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। भौंडसी थाने में केस दर्ज किया गया था गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें सात गाय क्रूरतापूर्वक भरी हुई मिलीं। इस संबंध में थाना भोंडसी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। तभी से आरोपी की पुलिस तलाश कर रही थी। हालांकि वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और गोतस्करी का कार्य भी जारी रखे हुए था। सात आरोपी पहले पकड़े जा चुके
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस केस में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी खलील उर्फ खल्ली को नियमानुसार गिरफ्तार करके गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *