चूरू में रविवार को ‘वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान’ के तहत एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य जल संरक्षण का संदेश देना था। विधायक हरलाल सहारण, जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कार्यक्रम में विधायक हरलाल सहारण ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को जल बचाने का संकल्प लेना चाहिए। सहारण ने जोर दिया कि सरकार का ‘वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान’ जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट की चुनौती का सामना केवल जन जागरूकता और व्यवहार में परिवर्तन के माध्यम से ही किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने जल संरक्षण गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। यह रैली जिला खेल स्टेडियम से शुरू होकर पंखा सर्किल से होते हुए पुलिस लाइन पहुंची। रैली के माध्यम से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर एसडीएम धीरज झाझडिया, अभिषेक चोटिया और जिला खेल अधिकारी सीताराम प्रजापत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शिशुपाल बुडानिया ने किया। इस मौके पर महेश कुमार, सुरेन्द्र प्रजापत, मनीष राठौड़, प्रदीप शर्मा, अजय ढाका, राजवीर सिंह, पंकज प्रजापत, नानूराम सैनी और प्रहलाद बुडानिया सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।


