भास्कर न्यूज | सोनीपत शहर में शेयर बाजार और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर भारी मुनाफे का झांसा देकर 51 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने सुनियोजित साजिश के तहत शहर निवासी अनिल को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अनिल ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी पहचान ऑनलाइन माध्यम से कुछ लोगों से हुई थी। आरोपियों ने उसे शेयर बाजार और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर कम समय में कई गुना मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में उन्होंने निवेश की गई छोटी राशि पर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कथित मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद ठगों ने लगातार अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उनके झांसे में आकर अनिल ने 10 अप्रैल से 13 मई के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल 51 लाख रुपये जमा करा दिए। जब उसने अपनी मूल राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स और तकनीकी समस्याओं का बहाना बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया। बाद में सभी मोबाइल नंबर बंद मिलने और संपर्क टूटने पर उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


