मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर गांधी सागर के बैकवाटर में रेतम नदी में डूबे पिता-पुत्र में से बेटे का 24 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चला है। पिता की लाश शुक्रवार को ही मिल गई थी, लेकिन 20 साल के बेटे पवन की तलाश में एसडीआरएफ (SDRF) की टीम अभी भी लगी हुई है। यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 4 बजे ग्राम सेमली आंतरी में हुआ था। बताया जा रहा है कि बेटा पवन नदी में नहाने गया था। उसे गहरे पानी में डूबता देख पिता दशरथ सिंह उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। लेकिन तेज हवा और पानी के बहाव की वजह से पिता अपने बेटे को नहीं बचा पाए और खुद भी डूब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी खबर मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस और नीमच से बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने शुक्रवार देर शाम को पिता दशरथ सिंह की लाश बाहर निकाल ली थी। शनिवार को दिनभर बेटे पवन की तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रात को अंधेरा ज्यादा होने की वजह से काम रोक दिया गया, जो रविवार सुबह फिर शुरू किया जाएगा। विधायक और अफसरों पर फूटा गुस्सा इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और नेताओं के खिलाफ काफी नाराजगी देखी गई। शनिवार को जब इलाके के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू वहां पहुंचे, तो लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ 5 मिनट के लिए आए और फोटो खिंचवाकर चलते बने। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इतना बड़ा हादसा हो गया, लेकिन कोई बड़ा सरकारी अधिकारी या एसडीएम अभी तक मौके पर नहीं पहुँचा। थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया ने बताया कि रविवार सुबह से एक बार फिर नए सिरे से तलाश शुरू की जाएगी।


