मेरठ में कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी 1 महीने से लापता:परिजनों ने एसएसपी से लगाई ढूंढ़ने की गुहार, तलाश में जुटीं तीन पुलिस टीमें

मेरठ में कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी 1 महीने से लापता:परिजनों ने एसएसपी से लगाई ढूंढ़ने की गुहार, तलाश में जुटीं तीन पुलिस टीमें

मेरठ के दौराला क्षेत्र की रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी और इंटरमीडिएट की छात्रा अनुष्का पिछले करीब डेढ़ माह से लापता है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर एसएसपी से हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद मामले में पुलिस द्वारा सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई नहीं की गई।
दौराला निवासी नेत्रपाल ने बताया कि उनकी बेटी अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह कबड्डी की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है और विभिन्न प्रतियोगिताओं में जिले व प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। परिजनों के अनुसार अनुष्का 16 अप्रैल 2026 से लापता है। उसके मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद आ रहा है। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार का कहना है कि 18 मई को कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद मामले में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई। इसी से परेशान होकर शनिवार को परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और छात्रा की सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अनुष्का की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि छात्रा का जल्द पता लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *