फरीदकोट में बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के अधीन हॉस्टल में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे उसने हॉस्टल में फंदा लगा लिया। जब अन्य छात्राओं और स्टाफ को घटना की जानकारी मिली, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतका की पहचान खरड़ के शिवजोत एन्क्लेव निवासी अमनप्रीत कौर (22) पुत्री गुरमुख सिंह के रूप में हुई है। अमनप्रीत कौर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी। वह कॉलेज हॉस्टल में रह रही थी। डीएसपी बोले- परिवार के पहुंचने के बाद कानूनी कार्रंवाई होगी डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके फरीदकोट पहुंचने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की बारिकी से जांच कर रही है।


