शहडोल में टेंट संचालक की करंट से मौत:मॉर्निंग वॉक के दौरान आंधी से टूटी तार की चपेट में आया

शहडोल में टेंट संचालक की करंट से मौत:मॉर्निंग वॉक के दौरान आंधी से टूटी तार की चपेट में आया

शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के धुरवार गांव में शनिवार सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। 33 वर्षीय युवक मॉर्निंग वॉक पर निकला था, तभी वह सड़क पर गिरी बिजली की तार की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान धुरवार निवासी सुशील यादव (33 वर्ष) पुत्र हेमलाल यादव के रूप में हुई है। सुशील पेशे से टेंट संचालक था। वह प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकला था। धुरवार गांव से नवलपुर मुख्य मार्ग पर सड़क के बीच गिरी बिजली की तार के संपर्क में आने से उसे करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मॉर्निंग वॉक कर रहे अन्य लोगों ने युवक को गिरते देखा। पास पहुंचने पर उन्हें सड़क पर बिजली का तार टूटा हुआ मिला। तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी गई। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विद्युत आपूर्ति बंद की, ताकि कोई और हादसा न हो। पुलिस के अनुसार, बीती रात क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान आया था। इसके कारण बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होकर तार सड़क पर गिर गई थी। सुबह अंधेरा होने के कारण युवक को तार दिखाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गया। सोहागपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इस घटना के बाद बिजली विभाग की भूमिका और तार टूटने के बाद समय पर सूचना व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत लाइनों के नियमित निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *