अजमेर के श्रीरामपुरा (बोराड़ा) में पूर्व सरपंच रामसिंह सहित 4 लोगों को जिंदा जलाने के मामले में पुलिस ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरफ्तार मां-बेटी से रिमांड पर पूछताछ जारी है। शुक्रवार को निरुद्ध किए गए नाबालिग बेटे के मोबाइल ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे के सिर पर पिता की हत्या का ऐसा खून सवार था कि उसने इसके लिए लोकल गैंगस्टर से भी संपर्क किया था। वारदात की रात वह सुबह 4 बजे तक इंस्टाग्राम पर रील्स देखता रहा और फ्री फायर गेम खेलता रहा, ताकि पिता के गहरी नींद में सोने के बाद गला रेता जा सके। पहले पढ़िए, आखिर क्या है पूरा मामला 28 मई की सुबह बोराड़ा थाना क्षेत्र में घर से 500 मीटर दूर एक जली हुई स्कॉर्पियो गाड़ी में चार कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी (45), उनकी मां पूसी देवी (79), दूसरी पत्नी सुरज्ञान देवी (40) और भांजी महिमा (32) के रूप में हुई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस ने जब कड़ियां जोड़ीं तो पता चला कि रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता (43), बेटी सरिता (18) और नाबालिग बेटे ने मिलकर पहले चारों का गला काटा, फिर ट्रैक्टर से डीजल निकालकर स्कॉर्पियो सहित लाशों को आग लगा दी। हत्याकांड से जुड़े 6 बड़े खुलासे 1. सुबह 4 बजे दिया वारदात को अंजाम दोपहर में पिता से हुए विवाद के बाद नाबालिग बेटे ने ठान लिया था कि आज रात पिता को खत्म करना है। वह रातभर सोया नहीं। खुद को सामान्य रखने और घरवालों के सोने का इंतजार करने के लिए वह सुबह 4 बजे तक मोबाइल पर इंस्टाग्राम-फेसबुक की रील्स और फ्री फायर गेम खेलता रहा। जैसे ही पूर्व सरपंच गहरी नींद में सोया, उसने हमला कर दिया। 2. ऑनलाइन मंगाया था हथियार, गैंगस्टर से मांगी थी पिस्तौल आरोपी नाबालिग पिछले 5-6 महीने से हत्या की प्लानिंग कर रहा था। इसके लिए उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट ‘अमेजन’ से 800 रुपए का एक धारदार चाकू मंगवाया और घर के कोने में छुपा दिया। यही नहीं, उसने बोराड़ा के एक स्थानीय गैंगस्टर से भी संपर्क साधा था। पिस्तौल खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन गैंगस्टर ने उसे हथियार देने से मना कर दिया। 3. मोबाइल में मिली ‘क्राइम हिस्ट्री’ पुलिस साइबर सेल को नाबालिग के मोबाइल से डरावनी सर्च हिस्ट्री मिली है। वह गूगल और यूट्यूब पर लगातार ‘क्राइम’ और ‘मर्डर’ से जुड़े कंटेंट सर्च करता था।
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद शातिर दिमाग नाबालिग ने अपने फोन से वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम सहित कई सोशल मीडिया ऐप्स डिलीट कर दिए ताकि पुलिस को कोई डिजिटल सबूत न मिले। 4. मां ने घोला था नफरत का जहर, प्रॉपर्टी छिनने का था डर जांच में सामने आया कि रामसिंह ने जब से दूसरी शादी (सुरज्ञान से) की थी, तब से वह पहली पत्नी सुनीता और उसके बच्चों को प्रताड़ित करता था। पहले रामसिंह हर काम में पहली पत्नी को आगे रखता था। बाद में उसने उन्हें पूछना ही बंद कर दिया।
सुनीता को डर था कि रामसिंह अपनी करोड़ों की प्रॉपर्टी दूसरी पत्नी के नाम कर देगा। इसी डर में मां ने बेटे के मन में पिता के खिलाफ नफरत भर दी, जिसके बाद बेटे ने मां के साथ मिलकर खूनी साजिश रच डाली। 5. हत्या की आरोपी बेटी का सपना था IAS बनना, 12वीं में आए थे 92% मार्क्स इस हत्याकांड का एक हैरान करने वाला पहलू पूर्व सरपंच की 18 वर्षीय बेटी सरिता सिंह चौधरी है। सरिता की मोबाइल हिस्ट्री देखने पर पता चला कि वह भविष्य को लेकर काफी गंभीर थी। उसका सपना एक आईएएस (IAS) अफसर बनने का था।
वह पढ़ाई में बेहद होशियार थी और 12वीं कक्षा में उसके 92 फीसदी नंबर आए थे। फिलहाल वह कॉलेज में रहते हुए कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। इस अपराध ने उसकी जिंदगी सलाखों के पीछे धकेल दी। 6. मर्डर के बाद चेहरे पर शिकन नहीं मर्डर के इस पूरे घटनाक्रम में आरोपियों की बेरहमी साफ दिखती है। चारों की हत्या करने और स्कॉर्पियो को आग लगाने के बाद तीनों आरोपी (मां, बेटी, बेटा) चुपचाप घर लौटे। उन्होंने खून से सने कपड़े बदले, घर की सफाई की और फिर आराम से रसोई में खाना बनाया। आरोपियों ने छाछ पी और ऐसे सो गए जैसे कुछ हुआ ही न हो। अगले दिन सुबह जब लोग रो रहे थे, तब पहली पत्नी सुनीता नाटक कर रही थी और नाबालिग बेटा बिना किसी शिकन के चाय पी रहा था। …. हत्याकांड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… 1. पूर्व सरपंच पहली पत्नी को मुर्गा बनाकर पीटता था, बेटे ने कहा था- कभी भी मार दूंगा पिता की दूसरी शादी से नाराज और प्रताड़ना झेलती मां को देखकर बेटा हत्यारा बन गया। आरोपी बेटे ने पिता को अपना सबसे बड़ा दुश्मन बना लिया था। आरोपी बेटे ने अपनी मां को कहा था- – ‘मैं कभी भी इसे (पिता) जान से मार दूंगा।’ पूरी खबर पढ़िए.. 2. पूर्व सरपंच मां-बेटे सहित 4 लोगों की जिंदा जलाकर हत्या, स्कॉर्पियो में पीछे की सीट पर मिली तीन लाश अजमेर में स्कॉर्पियो में पूर्व सरपंच मां-बेटे सहित 4 लोगों की जिंदा जलाकर हत्या कर दी। घटना शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 5:30 बजे की है। पूरी खबर पढ़िए…


