गोरखपुर में सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पेशी के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक 24 मई को गोरखनाथ थाना क्षेत्र में CNG भरवाने के दौरान लाइन तोड़ने को लेकर विवाद में पंप ऑपरेटर और एक युवक पर शांति भंग का चालान हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने 26 मई को दोनों को कोर्ट में पेश किया। इसी दौरान युवक ने पंपकर्मी पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो CCTV में कैद होने की बात कही जा रही है। इस मामले में कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी युवक समेत करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला…
गाजीपुर निवासी राहुल यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में गोरखनाथ थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर, लच्छीपुर स्थित चन्द्रा पेट्रोल पंप पर सीएनजी ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं। 24 मई की दोपहर करीब 12 बजे रामनगर चौराहा निवासी राहुल शर्मा अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा और लाइन तोड़कर आगे लग गया। लाइन में लगे अन्य लोगों के विरोध पर पंपकर्मी ने उसे इंतजार करने को कहा तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। 26 मई को हुई कोर्ट में पेशी
आरोप है कि राहुल शर्मा गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मामले की सूचना पर दोनों पक्ष गोरखनाथ थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को शांतिभंग में चालान कर 26 मई को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। राहुल यादव का आरोप है कि पेशी के दौरान शाम करीब 4:45 बजे राहुल शर्मा करीब 20 लोगों के साथ कोर्ट परिसर पहुंचा और गोरखनाथ पुलिस के दो सिपाहियों और कोर्ट कर्मचारियों के सामने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में घायल हुआ पंपकर्मी- आरोप
हमलावरों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने तहरीर में कहा है कि पूरी घटना कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी
कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान किया गया था, सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


