रविवार को जिले में एक साथ दो बड़ी परीक्षाएं होंगी। इसमें एक ही दिन में 43 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से आयोजित बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा है तो दूसरी परीक्षा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 67 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा में 32,530 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सहायक आचार्य भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 23 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। इसमें 10,519 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
दोनों परीक्षाओं के सुचारु संचालन को लेकर शुक्रवार को गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और अन्य अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया गया। इस दौरान परीक्षा संचालन, निगरानी और व्यवस्थाओं से जुड़े जरूरी निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में परिक्षा के नोडल एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, कॉर्डिनेटर पवन कुमार मौर्य और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता मौजूद रहे। प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी है सेंटर
संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में भी है। छात्र-छात्राओं को एक दिन पहले ही वहां पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है, जहां मुख्य मार्ग से पहुंच आसान है।


