बालोद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12.100 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए करीब 6.25 लाख रुपए का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति TVS XL 100 मोपेड में गांजा लेकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के बाद थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 पर ग्राम मरकाटोला कैंप के सामने वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर ग्राम कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर निवासी 40 वर्षीय रवि नेताम को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर मोपेड में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे 6 पैकेट गांजा बरामद हुए। बालोद एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि जब्त गांजा का कुल वजन 12.100 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.05 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं घटना में प्रयुक्त TVS XL 100 मोपेड, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपए है, उसे भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


