बरेली के भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 साल की एक युवती ने रेलवे पुल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती को आनन-फानन में बरेली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने परिवार की प्रतिष्ठा और एक युवक द्वारा धोखा दिए जाने की बात लिखी है। स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल
नैनीताल हाईवे के स्थित भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आम दिनों की तरह ही चहल-पहल थी। तभी वहां मौजूद यात्रियों ने देखा कि एक युवती अचानक पुल से नीचे ट्रैक की ओर कूद गई। युवती के गिरते ही वहां हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और लहूलुहान अवस्था में युवती को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हाथ-पैर में भी कई फ्रैक्चर हुए हैं। आईटी कंपनी में जॉब और प्रेम प्रसंग की कहानी
परिजनों ने जानकारी दी कि पीड़ित युवती एमबीए है और पिछले एक साल से नोएडा की एक आईटी कंपनी में जॉब कर रही थी। वहां उसकी मुलाकात हाथरस निवासी आयुष शर्मा से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। युवती का आरोप है कि आयुष ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह का प्रस्ताव रखा, तो आरोपी ने स्पष्ट इनकार कर दिया। इस धोखे से आहत होकर युवती बरेली स्थित अपने घर लौट आई थी। घर से सहेली के बहाने निकली और उठाया कदम
शुक्रवार सुबह युवती घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपनी सहेली से मिलने जा रही है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह खौफनाक कदम उठाने जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आयुष शर्मा के अलावा उसके दो दोस्तों, अभिनव और सौरभ ने मिलकर युवती की जिंदगी बर्बाद की है। परिजनों ने इन तीनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने युवती के पास से बरामद नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। जैसे ही परिवार की तरफ से शिकायत मिलेगी, उसी के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


