बागपत में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय पर एक जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान 5 जून से 21 जून तक चलने वाले ‘बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ महाअभियान की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को भाजपा कार्यकर्ता उत्सव के रूप में मनाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए मंडल स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके बाद 13 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 17 से 20 जून तक सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं होंगी, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नीरज शर्मा ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को पूरी मेहनत और निष्ठा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमित चौधरी और जिला मंत्री एडवोकेट अंकित लपराना ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


