कांग्रेस ने महोबा घटना पर सरकार को घेरा:कहा- सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार से नहीं मिला, अजय राय को रोका गया

कांग्रेस ने महोबा घटना पर सरकार को घेरा:कहा- सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार से नहीं मिला, अजय राय को रोका गया

देवरिया। टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने महोबा की दलित छात्रा से जुड़े मामले पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाया गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार से मिलने नहीं पहुंचा। मल्ल ने बताया कि जब कांग्रेस नेता अजय राय पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे, तो उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद वे पीड़िता के घर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की संवेदनशीलता से भयभीत है, जिसके कारण प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और दमनकारी नीतियों के माध्यम से जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़कों, अस्पतालों, मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी लगातार जनता से जुड़े मुद्दे उठा रही है, जिससे सरकार असहज महसूस कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर है, तो उसे अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और शुचिता का समर्थन करती है और किसी भी निष्पक्ष जांच से पीछे नहीं हटेगी। इस प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *