उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र स्थित रोनी हरजीपुर गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही समुदाय के दो पक्ष लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से आपस में भिड़ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर रहे हैं। गांव की गलियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, यह विवाद बच्चों के बीच हुई कहासुनी से शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह मामला परिवारों और फिर दोनों पक्षों के बीच बड़े झगड़े में बदल गया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि यह घटना बीते दिन हुई थी। बच्चों के विवाद के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस अब अन्य हमलावरों की पहचान कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि वीडियो में दिख रहे सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


