महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की कवायद तेज

महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की कवायद तेज

शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापना को लेकर कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया सागर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों और समाजजनों के साथ प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह नयाखेड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल स्टेडियम के सामने प्रस्तावित स्थल पर पहुंचा। यहां केशव सिंह भदौरिया ने नगर निगम आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा कर निर्देश दिए कि राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए, ताकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रतिमा का लोकार्पण और अनावरण किया जा सके। भदौरिया ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सागर से क्षत्रिय समाज का प्रतिनिधिमंडल भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिला था। इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सागर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था। निरीक्षण के दौरान रामबाबू सिंह, नर्वदा सिंह, संदीप सिंह भापेल, अवध बिहारी, सरमन सिंह उमरारी, एड. अनिल सिंह पड़रई, साहब सिंह सेमरा, अमर सिंह डावरी, धीरज सिंह अमझिरा, मूरत सिंह, बुंदेल सिंह, रितु जितेंद्र सिंह परिहार, अरविंद सिंह टिंकू राजा, हिमेश सिंह गौर आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *