एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम 7 बजे एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना राजा ढाबा के पास नावली गेट पर हुई, जहां बरेली डिपो की एक रोडवेज बस और एक अपाचे मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नगला माधव वसुंधरा, थाना अवागढ़ निवासी निशांत उर्फ कलुआ पुत्र रविंद्र सिंह के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अवागढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।


