फाजिल्का जिले के शहर अबोहर बुजुर्ग व्यापारी और उसके बेटे पर सरेराह जानलेवा हमला कर दिया गया। बस स्टैंड के पास आभा स्क्वायर के निकट देर रात हुए इस हमले 60 साल के बुजुर्ग व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें परिजनों ने तुरंत इलाज के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। हमले का आरोप उनके बेटे के सालों पर लगाया गया है। मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि व्यापारी के बेटे और उसकी पत्नी में विवाद चल रहा है। जिसकी रंजिश में बेटे में पर सालों ने हमला कर दिया है। बचाने पहुंचे बुजुर्ग को भी पुरी तरह पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें बुजुर्ग को पीटते हुए साफ दिखाई दे रहा है। बेटे को पिटता देख बचाने पहुंचे थे पिता अस्पताल में उपचाराधीन घायल व्यापारी महेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी सर्कुलर रोड, गली नंबर 11 में बर्तनों की दुकान है। उन्होंने जानकारी दी कि उनके बेटे और पुत्रवधू के बीच पिछले लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है। देर रात इसी विवाद के चलते उनके बेटे के सालों ने उनके बेटे को बीच सड़क पर घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। जब इसकी सूचना महेंद्र कुमार को मिली, तो वे तुरंत अपनी दुकान छोड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए हमलावरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में आगबबूला साले अपने जीजा को छोड़ बुजुर्ग ससुर पर ही टूट पड़े और उन्हें लहूलुहान कर बुरी तरह घायल कर दिया। कार के शीशे तोड़े, लोगों को आता देख बाइक से हुए फरार पीड़ित परिवार के मुताबिक, हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा; उन्होंने मौके पर खड़ी महेंद्र कुमार के बेटे की कार पर भी पथराव कर उसके शीशे चकनाचूर कर दिए। बाजार और बस स्टैंड के पास हंगामा बढ़ता देख और आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस को सौंपी गई सीसीटीवी फुटेज पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत के साथ वारदात से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी गई है। इसमें हमलावर मारपीट करते और वाहन को नुकसान पहुंचाते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित व्यापारी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


