झांसी का बुंदेलखंड विश्वविद्यालय लगातार चौथी बार उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा कराने जा रहा है। इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए यूनिवर्सिटी ने हाईटेक इंतजाम किए हैं। गुरुवार को कुलपति प्रो. मुकेश कुमार पांडेय ने विश्वविद्यालय परिसर से 72 जिलों के लिए प्रतिनिधियों के दल को रवाना किया। लेकिन इस बार ललितपुर समेत तीन जिलों में परीक्षा नहीं होगी। इस बार खास बात यह है कि परीक्षा की निगरानी के लिए भेजे गए सभी प्रतिनिधियों को बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस किया गया है। वहीं, अभ्यर्थियों की जांच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के जरिए भी की जाएगी, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को रोका जा सके। उत्तर प्रदेश में बीएड की करीब 2 लाख 40 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए 31 मई को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा कराने की जिम्मेदारी लगातार चौथी बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय ने 4 लाख 44 हजार 958 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए हैं। प्रदेशभर के 1011 परीक्षा केंद्रों पर एक साथ परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय ने अपने 167 प्रतिनिधियों को 72 जिलों में भेजा है। गुरुवार को कुलपति प्रो. मुकेश कुमार पांडेय ने प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एक-एक कर सभी टीमों को वाहनों से रवाना किया गया। प्रतिनिधियों की भी होगी लाइव मॉनिटरिंग बीएड प्रवेश परीक्षा में नकल और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए विश्वविद्यालय इस बार अपने प्रतिनिधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखेगा। इसके लिए सभी 167 प्रतिनिधियों को बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं। कुलपति प्रो. मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि कैमरों के जरिए प्रतिनिधियों की लाइव लोकेशन दर्ज होती रहेगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर रिकॉर्ड की गई फुटेज विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम में स्टोर की जाएगी। इससे किसी भी शिकायत या विवाद की स्थिति में तत्काल जांच की जा सकेगी। ललितपुर समेत तीन जिलों में नहीं होगी परीक्षा बीएड प्रवेश परीक्षा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रस्तावित थी, लेकिन इस बार तीन जिलों में अभ्यर्थियों की संख्या बेहद कम रही। झांसी से सटे ललितपुर, हमीरपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में 100 से भी कम अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन जिलों में परीक्षा केंद्र न बनाने का निर्णय लिया है। अब इन जिलों के अभ्यर्थियों को नजदीकी जिलों में परीक्षा देनी होगी। ललितपुर के परीक्षार्थियों को झांसी में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। 30 मई को होगा कंट्रोल रूम का मॉकड्रिल 31 मई को होने वाली परीक्षा से पहले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता। विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में 80 से अधिक मॉनिटर लगाए गए हैं, जिनके जरिए 72 जिलों के 1011 परीक्षा केंद्र लाइव टेलीकास्ट से जुड़े रहेंगे।कुलपति प्रो. मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले यानी 30 मई को सभी केंद्रों को जोड़कर मॉकड्रिल की जाएगी, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की दिक्कत न आए। एक लाख ज़्यादा महिला अभ्यर्थी, ट्रांसजेंडर भी दे रहे एग्जाम इस बार बीएड प्रवेश परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों से काफी अधिक है। कुल 4 लाख 44 हजार 958 अभ्यर्थियों में करीब 2 लाख 72 हजार महिलाएं और 1 लाख 72 हजार पुरुष शामिल हैं। परीक्षा में इस बार दो ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा 956 दिव्यांग परीक्षार्थी भी परीक्षा देंगे। बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।


