NCRTC ने मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर 27 और 28 मई को सराय काले खां और बेगमपुल नमो भारत स्टेशनों पर दो दिवसीय मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य महिला यात्रियों के बीच पीरियड्स से जुड़ी झिझक को कम करना और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। यह अभियान दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस पार्टनर DB RRTS India के सहयोग से आयोजित किया गया। स्टेशनों और महिला कोच के भीतर विशेष एक्टिविटी आयोजित की गईं। यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना डेस्क और जागरूकता कियोस्क लगाए गए, जहां महिला वॉलंटियर्स ने यात्रियों से संवाद कर मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी साझा की। इस दौरान महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड, पीरियड ट्रैकर और हाइजीन किट भी वितरित की गईं। अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्टेशन परिसर में इंटरैक्टिव एक्टिविटी जोन और थीम बेस्ड फोटो बूथ भी लगाए गए। महिला कोच में वॉलंटियर्स ने यात्रियों से बातचीत कर पीरियड्स से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक वर्जनाओं पर चर्चा की। इस पहल से यात्रियों को खुलकर बात करने के लिए सहज माहौल मिला। महिला यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे जागरूकता अभियान जरूरी हैं, क्योंकि इससे मासिक धर्म स्वास्थ्य जैसे विषयों पर बातचीत सामान्य होती है और महिलाओं तक जरूरी जानकारी आसानी से पहुंचती है। एनसीआरटीसी ने बताया कि मासिक धर्म स्वास्थ्य महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य का अहम हिस्सा है, लेकिन सामाजिक झिझक के कारण इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। इसी सोच को बदलने के लिए सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे पहले एनसीआरटीसी ने ‘आकांक्षाओं के पंख’ नाम से जेंडर सेंसिटाइजेशन कैंपेन भी शुरू किया था। अगले पांच वर्षों तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, समावेशिता और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है।


