गाजियाबाद के डासना ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में रौनक और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नमाज अदा कर देश-दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। नमाज के दौरान लोगों ने समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखने की अपील भी की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में भी त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच मौसम अचानक सुहाना हो गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को राहत मिली। नमाजियों ने राहत भरे मौसम में शांति के साथ नमाज अदा की। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिसके चलते नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। त्योहार के मौके पर डासना क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा और लोगों ने आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया।


