इंदौर के विजयनगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने बुधवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विशाल वर्मा (28) निवासी अंबिका नगर के रूप में हुई है। विजयनगर पुलिस के अनुसार विशाल ने घर में फांसी लगाई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ऑटो की किश्तें नहीं भर पाने से था परेशान मृतक के भाई शुभम ने बताया कि विशाल ऑटो रिक्शा चलाता था। उसने बजाज फाइनेंस से पांच साल के लिए लोन लिया था और तीन साल से किश्तें भर रहा था। पिछले दो महीनों से वह किश्तें जमा नहीं कर पा रहा था, जिससे वह तनाव में था। परिवार का कहना है कि फाइनेंस कंपनी की ओर से लगातार कॉल आ रहे थे। परिजनों ने बताया कि विशाल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक छोटी बेटी हैं। छोटी ग्वालटोली में भी लगाई फांसी बुधवार रात ही छोटी ग्वालटोली इलाके स्थित बजरंग होटल में पवन (25) पुत्र राम निवासी ग्वालियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे उसका दोस्त विपिन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था। विपिन ने बताया कि दोनों बुधवार को बड़वानी से इंदौर आए थे। वे बड़वानी में एक शराब दुकान पर काम करने गए थे। आरोप है कि दुकान के मैनेजर मोरे ने एक महीने का भुगतान नहीं किया और दोनों के साथ मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद पवन तनाव में था। चचेरे भाई को किया था कॉल रात में पवन ने विपिन को कमरे से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई विकास को कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही। विकास ने विपिन को सूचना दी। जब वे होटल पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। होटल कर्मचारियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो पवन फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


