बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट:मिर्जापुर को 2 सुपर, 5 जोन, 18 सेक्टर में बांटा, फोटो शेयर पर कार्रवाई

बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट:मिर्जापुर को 2 सुपर, 5 जोन, 18 सेक्टर में बांटा, फोटो शेयर पर कार्रवाई

मिर्जापुर में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने बताया कि जिले को 2 सुपर जोन, 5 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित कर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पर्व के दौरान ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कुर्बानी की तस्वीरें साझा करने और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस ने मिश्रित आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। जनपदीय पुलिस अधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख बाजारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने शहर, कटरा कोतवाली और चुनार इलाके में पैदल भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया। सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर ने प्रभारी निरीक्षक कछवां अमरजीत चौहान के साथ थाना कछवां क्षेत्र के कस्बा कछवां, थाना तिराहा और दर्जियान सहित मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने प्रभारी निरीक्षक लालगंज अभय सिंह और थानाध्यक्ष जिगना संजय सिंह के साथ लालगंज क्षेत्र के विजयपुर तिराहा, बाबू उपरौध, कस्बा लालगंज, दुबार तथा जिगना क्षेत्र के हरगढ़ बाजार, बिहसड़ा और नरोइया समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। क्षेत्राधिकारी लाइन एवं यातायात गायत्री यादव ने प्रभारी निरीक्षक मड़िहान बालमुकुंद मिश्रा के साथ मड़िहान और राजगढ़ क्षेत्र के मड़िहान, जमुई और राजगढ़ मार्केट सहित अन्य मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ मार्च किया। जनपद के अन्य थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *