ईद-उल-अजहा पर इस बार आगरा में नमाज और ताजमहल दोनों को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए जहां शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज के समय बदले गए हैं, वहीं ताजमहल में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक पर्यटकों को फ्री एंट्री दी जाएगी। इसी दौरान ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा होगी। नमाजियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए पानी, कूलर और पंखों की विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ताजमहल में गुरुवार सुबह 7 बजे से 10 बजे तक सभी भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट प्रवेश कर सकेंगे। इस दौरान भारतीय पर्यटकों का 50 रुपए और विदेशी पर्यटकों का 1100 रुपए का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए 200 रुपए का अतिरिक्त टिकट पहले की तरह लागू रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल स्मारक परिसर में प्रवेश के लिए होगी। इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद ने बताया कि तेज धूप और गर्मी के कारण मस्जिद परिसर में शामियाने और अन्य व्यवस्थाओं में दिक्कत आ रही थी। इसी वजह से समय में बदलाव किया गया है। नमाजियों की राहत के लिए मस्जिदों में कूलर, पंखे और पानी की अतिरिक्त व्यवस्था भी कराई जा रही है। वहीं शाही ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज सुबह 6:45 बजे अदा होगी। प्रशासन के अनुसार बकरीद पर बड़ी संख्या में लोगों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर की प्रमुख मस्जिदों और ताजमहल परिसर में सुरक्षा, पेयजल और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मस्जिदों में नमाज का समय
मस्जिद सुल्तान परवेज, कश्मीरी बाजार — सुबह 6:45 बजे
ईदगाह नगला मेवाती — सुबह 7:00 बजे
शाही जामा मस्जिद — सुबह 7:15 बजे
बड़ी मस्जिद, शहीद नगर — सुबह 7:15 बजे
मस्जिद कटरा नील — सुबह 7:30 बजे
नूरी मस्जिद, आगरा कैंट — सुबह 7:30 बजे
शाही मस्जिद कलां, साबुन कटरा — सुबह 7:40 बजे
मस्जिद मोतमिद खां, माल का बाजार — सुबह 7:45 बजे
अकबरी मस्जिद, किनारी बाजार — सुबह 7:45 बजे
मस्जिद घटिया मामू भांजा — सुबह 8:15 बजे
शाही मस्जिद, लोहा मंडी — सुबह 8:30 बजे
ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद, ताजगंज — सुबह 8:30 बजे
मस्जिद जाल, फुलट्टी बाजार — सुबह 8:45 बजे
नूरी मस्जिद, नूरी दरवाजा — सुबह 10:00 बजे
मस्जिद दरगाह सैयदना सरकार — सुबह 10:00 बजे
ऊंची मस्जिद, छिली ईट रोड — सुबह 10:00 बजे


