एंटी-ड्रग मुहिम को लेकर हनी सिंह और BJP नेता की मुलाकात पर बवाल, जसबीर जस्सी का करारा जवाब

Jasbir Jassi slams Honey Singh for anti-drug appeal: पंजाब में नशे की समस्या एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार मुद्दा सिर्फ ड्रग्स का नहीं, बल्कि ये भी है कि इस लड़ाई का चेहरा कौन बने। रैपर यो यो हनी सिंह की BJP के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ के साथ मुलाकात के बाद पंजाबी संगीत जगत में तूफान आ गया है। पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने इस मुलाकात पर कड़ी आपत्ति जताई और हनी सिंह पर सीधा निशाना साधा।

ये मामला सीधे पंजाब की युवा पीढ़ी से जुड़ा है

जसबीर जस्सी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे आमतौर पर राजनीतिक विषयों से दूर रहते हैं, लेकिन ये मामला सीधे पंजाब की युवा पीढ़ी से जुड़ा है इसलिए चुप रहना संभव नहीं था। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि हनी सिंह ने अपने गानों के जरिये शराब और नशे की संस्कृति को ग्लैमरस बनाने में अहम भूमिका निभाई है। जस्सी ने सवाल उठाया, जिन लोगों ने पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने का काम किया, क्या वे अब उनके सहायक बन सकते हैं? उन्होंने आगे कहा, “पंजाब को भड़काने की जानबूझकर की गई कोशिश लगती है क्या आप पंजाब को बचाने आए हैं या बर्बाद करने?”

जसबीर जस्सी यहीं नहीं रुके, उन्होंने नेताओं की पंजाब की समझ पर भी सवालिया निशान लगाया। उनका कहना था कि दिल्ली, मुंबई और किसी महानगर में बैठकर पंजाब की मिट्टी, उसकी संस्कृति और उसके दर्द को नहीं समझा जा सकता। एक फेमस चेहरा पंजाब की असली पहचान नहीं होता। उन्होंने चेताया कि पंजाब की खामोशी को उसकी कमजोरी समझने की भूल न की जाए।

पूरी युवा पीढ़ी खतरे में है

तो दूसरी ओर, हनी सिंह ने तरुण चुघ से मुलाकात के बाद कहा कि वे पंजाब में हेरोइन (चिट्टा) के बढ़ते कहर को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि अनगिनत परिवार तबाह हो रहे हैं और पूरी युवा पीढ़ी खतरे में है। दोनों ने मिलकर 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने पर चर्चा की।

बता दें, हनी सिंह खुद नशे की अंधेरी गलियों से गुजर चुके हैं। 2012 में करियर के शिखर पर पहुंचने के बाद उन्हें बाइपोलर डिसऑर्डर का पता चला और वे नशे की गिरफ्त में आ गए। 2017 में उन्होंने सब कुछ छोड़कर इलाज का रास्ता चुना और लंबे संघर्ष के बाद 2023 में संगीत में वापसी की। हाल ही में उनका एल्बम ’51 ग्लोरियस डेज’ रिलीज हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *