रामानुजगंज में गंगा दशहरा पर भव्य गंगा आरती:काशी के ब्राह्मणों ने शिव तांडव स्तोत्र प्रस्तुत किया, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रामानुजगंज में गंगा दशहरा पर भव्य गंगा आरती:काशी के ब्राह्मणों ने शिव तांडव स्तोत्र प्रस्तुत किया, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रामानुजगंज में गंगा दशहरा और मां गायत्री जयंती के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। नगर के मां महामाया मंदिर परिसर और कन्हर नदी तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों ने आकर्षक गंगा आरती और शिव तांडव स्तोत्र की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कन्हर नदी तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। संध्या के समय दीपों की रोशनी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई गंगा आरती का दृश्य अत्यंत दिव्य और अलौकिक था। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ आरती में भाग लिया और मां गंगा व मां गायत्री की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम की धर्मपत्नी और पूर्व जिला पंचायत सरगुजा अध्यक्ष पुष्पा नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कन्हर नदी को क्षेत्रवासियों की जीवनदायिनी और आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए लोगों से नदी संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस आयोजन का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता से ही इस धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सका। अग्रवाल ने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने की बात कही। इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नगरवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। छठ घाट को भी विशेष रूप से सजाया गया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *