ईद पर बरेली मंडल में सुरक्षा का ‘स्ट्रॉन्ग प्लान’:ड्रोन से निगरानी, खुले में कुर्बानी पर रोक, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

ईद पर बरेली मंडल में सुरक्षा का ‘स्ट्रॉन्ग प्लान’:ड्रोन से निगरानी, खुले में कुर्बानी पर रोक, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

बरेली में आगामी ईद-उल-जुहा पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। डीआईजी अजय कुमार साहनी के नेतृत्व में त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडल भर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और आरपीएफ तैनात किए गए हैं, साथ ही ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने साफ निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मंडल के सभी पुलिस अधिकारियों को धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। पुराने विवादों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को भी कहा गया है। कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी प्रशासन ने खुले स्थानों पर कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नगर निगम, पशुपालन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें इस संबंध में लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी शामिल किया गया है। साइबर सेल और सोशल मीडिया टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। भड़काऊ पोस्ट, धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले संदेश और अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वालों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ईद से पहले मंडल के कई संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। डीआईजी ने जोर दिया कि त्योहार सभी के सहयोग और आपसी सौहार्द से ही शांतिपूर्वक संपन्न हो सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता ईद पर्व को पूरी सुरक्षा और शांति के साथ मनाना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *