अयोध्या जिले में भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड के कारण विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। पिछले कई दिनों से रात के समय बार-बार बिजली ट्रिपिंग और लंबी कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सर्वाधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विद्युत विभाग ने उपकेंद्रों पर शिफ्टवार ड्यूटी लगाकर निगरानी बढ़ाने का प्रयास किया है, लेकिन इसका अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहा है। अत्यधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर लगातार ओवरहीट होकर खराब हो रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। जले हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने या मरम्मत करने में 24 से 36 घंटे का समय लग रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में मिल्कीपुर क्षेत्र में 400 केवीए का एक ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण जल गया था, जिसे बुझाने और बदलने में काफी समय लगा। इसी तरह, कुमारगंज के तेधां गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को तीन दिनों तक बिजली संकट झेलना पड़ा। विद्युत कर्मी लाइन सुधार, फ्यूज बॉक्स मरम्मत और अर्थिंग सिस्टम को दुरुस्त करने में लगातार जुटे हैं। हालांकि, अत्यधिक गर्मी और बढ़ते लोड के कारण समस्याएं बनी हुई हैं। जिले भर से प्रतिदिन दर्जनों ट्रांसफार्मर खराब होकर वर्कशॉप पहुंच रहे हैं। जिससे मरम्मत व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली आपूर्ति शुरू होने पर सभी उपकरण एक साथ न चलाएं। उन्होंने केवल आवश्यक उपकरणों का उपयोग करने और अनावश्यक उपकरणों को बंद रखने की सलाह दी है। ताकि ओवरलोड से बचा जा सके। अधिकारियों का मानना है कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही इस बिजली संकट से राहत मिल सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। वे जल्द से जल्द स्थायी समाधान और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस समस्या से निजात मिल सके।


