डीक्रस्ट मुरथल में कल होगा मेयर-पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह:सीएम सैनी होंगे मुख्य मेहमान; ADC ने निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश, प्रशासन अलर्ट

डीक्रस्ट मुरथल में कल होगा मेयर-पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह:सीएम सैनी होंगे मुख्य मेहमान; ADC ने निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश, प्रशासन अलर्ट

नगर निगम सोनीपत के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 मई को दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में कार्यक्रम का आयोजन होगा। शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और मेयर राजीव जैन ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक, बैठने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। सीएम नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि सोनीपत निगम मेयर और 22 वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। जहां सोनीपत निगम में बीजेपी के मेयर कैंडिडेट राजीव जैन ने जीत हासिल की और बीजेपी के 17 पार्षद ने जीत दर्ज की और 5 कांग्रेस पार्षदों ने विजय हासिल की। एडीसी और मेयर ने किया समारोह स्थल का निरीक्षण अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और मेयर राजीव जैन ने दीनबंधु विवि मुरथल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीआईपी पार्किंग, सामान्य पार्किंग, टैंट, एयर कंडीशनिंग, पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, माइक और साउंड सिस्टम, लिफ्ट सुविधा तथा साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। ट्रैफिक और दिशा-सूचक बोर्डों पर रहेगा विशेष फोकस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समारोह स्थल तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर पर्याप्त दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं होंगी मजबूत एडीसी अजय चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा: राजीव जैन मेयर राजीव जैन ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की नई टीम शहर में विकास कार्यों, स्वच्छता, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद टीम भावना के साथ मिलकर शहरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीसीपी कुशल पाल, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, तहसीलदार कीर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *