14 साल बाद भी नहीं गूंजी बच्चे की किलकारी तो टूटी उम्मीद, पति-पत्नी ने एक साथ दुनिया को कहा अलविदा

Etah Suicide Case: शादी के 14 साल बाद भी संतान न होने पर डिप्रेशन में आकर दंपत्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उत्तर प्रदेश के एटा जिले की है। यहां के निधौली कलां इलाके के रशीदपुर गांव के 35 साल के भानु प्रताप सिंह की शादी 14 साल पहले रामा देवी से हुई थी। शादी को इतने साल हो जाने के बाद भी उनकी कोई संतान नहीं थी। दोनों बच्चा चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने कई डॉक्टरों को दिखाया और बहुत इलाज भी कराया। डॉक्टरों ने बताया था कि रामा देवी की बच्चेदानी में गांठ है, जिसका इलाज अलीगढ़ के एक अस्पताल से चल रहा था। लेकिन कोई फायदा न होता देख दोनों पति-पत्नी हर वक्त इसी बात को लेकर टेंशन में रहने लगे थे।

खेत पर काम करने गए थे, फिर घर नहीं लौटे

रोज की तरह मंगलवार की शाम को भी भानु प्रताप और रामा देवी अपने खेत पर काम करने के लिए गए थे। जब देर रात तक दोनों घर वापस नहीं आए, तो परिवार वालों को फिक्र होने लगी। इसके बाद परिजनों ने गांव वालों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू की। ढूंढते-ढूंढते जब लोग गांव के बाहर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। खेत में एक पेड़ से दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद रात के करीब 3 बजे पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

पुलिस मामले की हर एंगल से कर रही है जांच

घटना की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले पर क्या बोली पुलिस?

इस पूरे एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए यह साफ तौर पर आत्महत्या का मामला लग रहा है। खुदकुशी की वजह संतान न होना और उसका मानसिक तनाव सामने आया है। हालांकि, पुलिस मामले की हर पहलु से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *