दमोह में तेलन घाटी मार्ग पर मंगलवार रात पहाड़ से गिरने के कारण 12 भैंसों की मौत हो गई। मामला जबेरा थाना क्षेत्र की सीग्रामपुर चौकी का है। यह पहाड़ लगभग 500 फीट ऊंचा है। घटना में दो अन्य भैंसें गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजा गया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह राहगीरों ने घाटी से गुजरते समय भैंसों के शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मालिक ने भैंसों को धक्का देने का आरोप लगाया सिगरामपुर चौकी के कंजई गांव निवासी पशु मालिक राहुल राय ने बताया कि उनकी कुल 14 भैंसें थीं। इनमें से 12 की मौत हो गई है, जबकि दो घायल भैंसों को पशु अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। पशु मालिक ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने उनकी भैंसों को जानबूझकर पहाड़ से धक्का दिया है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि तेलन घाटी के आसपास कुछ लोगों की मूंग की फसल लगी है, और संभवतः उनकी भैंसें उन खेतों में घुस गई थीं। पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है पुलिस मामले में अन्य पहलुओं पर भी विचार कर रही है। जिस तरह से 12 भैंसें इतनी ऊंचाई से गिरी हैं, उन्हें सीधे धक्का देना संभव नहीं लग रहा है। पुलिस अंदेशा यह भी जता रही है कि कुछ लोगों ने भैंसों को चोरी करने के उद्देश्य से इकट्ठा किया होगा और उन्हें पहाड़ से खदेड़ा गया है। जिसके दौरान वे नीचे गिर गईं। पुलिस ने भैंसों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। तेलन घाटी का जो मार्ग है वहां से लिंक रोड निकला है जो पौड़ी, बमोरी और बनवार मार्ग को आपस में जोड़ता है। पशु मालिक के शिकायत दर्ज कराई तेलन घाटी से होकर गुजरने वाला यह मार्ग बनवार को जोड़ता है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोग भैंसों को इसी रास्ते से पहाड़ी पर ले गए थे। इसके बाद भैंसें खुद नीचे गिरीं या उन्हें धक्का दिया गया, यह जांच का विषय बना हुआ है। घटना स्थल काफी सुनसान क्षेत्र में स्थित है, जहां रात के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम रहती है। इसी वजह से किसी ने घटना को होते नहीं देखा। बुधवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे एक साथ 12 भैंसों के शव पड़े देखे, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सीग्रामपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पशु मालिक के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।


