ग्वालियर|आर्म रेसलिंग वेलफेयर एसोसिएशन के पंजेबाज नेशनल मंच पर ताकत का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। 29 मई से अहमदाबाद में शुरू होने वाली नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में ग्वालियर के खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे। चैंपियनशिप 3 जून तक चलेगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडे ने बताया कि टीम में शामिल सभी खिलाड़ी राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। नेशनल चैंपियनशिप में विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को इसी वर्ष होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। कोच और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन मनीष कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों को आर्म रेसलिंग के सभी तकनीकी मापदंडों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दिया है। फिटनेस, ग्रिप स्ट्रेंथ और स्टेमिना पर लगातार काम किया। टीम में नेशनल खिलाड़ी जोगिंदर यादव, भावना गोस्वामी, श्वेता राजावत, डॉ. आशा कुमार, रिंकू गुर्जर, अरविंद, नरेंद्र प्रजापति और अमित गोयल शामिल हैं। इस दल का नेतृत्व जोगेंद्र यादव और अनूप दिनकर करेंगे।


