RCB vs GT Qualifier 1 Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) अब लीग स्टेज के बाद प्लेऑफ के रोमांचक दौर में पहुंच गया है। प्लेऑफ स्टेज में आज 26 मई को पहला क्वालीफायर धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए हैं। बता दें कि आरसीबी ने धर्मशाला में आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य रखा है। इससे पहले 241 का लक्ष्य आरसीबी ने ही 2024 में पंजाब के खिलाफ रखा था।
कगिसो रबाडा बने प्लेऑफ के बेस्ट बॉलर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहला झटका दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर महज 21 के स्कोर पर वेंकटेश अय्यर के रूप में लगा, जो सात गेंदों पर 19 रन बनाकर रबाडा का शिकार बने। इस विकेट के साथ ही रबाडा एक आईपीएल सीजन के प्लेऑफ में सबसे ज्यादा 18 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद शमी (17) को पीछे छोड़ा।
विराट कोहली ने तोड़ा क्रिस गेल, वॉर्नर और केएल का रिकॉर्ड
इसके बाद विराट कोहली का साथ देने देवदत्त पडिक्कल आए और दोनों तेज खेलते हुए 8.2 ओवर में स्कोर को 93 पर पहुंचा दिया। इसके ठीक बाद जेसन होल्डर ने विराट कोहली (25 गेंदों पर 43 रन) को बोल्ड कर आरसीबी को बड़ा झटका दिया। हालांकि इन 43 रन के साथ कोहली ने इस सीजन में अपने 600 रन पूरे कर लिए और लगातार सबसे ज्यादा चार सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने तीन-तीन बार ऐसा कर चुके क्रिस गेल, डेविर्ड वॉर्नर और केएल राहुल को पीछे छोड़ा।
शतक से चूके रजत पाटीदार
कोहली के पवेलियन लौटने के बाद आरसीबी का स्कोर 94 रन पर ही पहुंचा था कि देवदत्त पडिक्कल भी उसी ओवर में होल्डर का दूसरा शिकार बने। पडिक्कल ने 19 गेंदों पर 30 रन बनाए। इसके बाद खुद कप्तान रजत पाटीदार का साथ देने क्रुणाल पंड्या आए और दोनों आरसीबी की पारी को तेजी से आगे बढ़ाया, लेकिन 16.1 ओवर में पंड्या (43) के रूप में टीम को 189 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा।
वहीं, इससे पहले कप्तान पाटीदार ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद टिम डेविड (4) और जितेश शर्मा के नाबाद 15 रन की पारी खेली। जबकि रजत पाटीदार ने महज 33 गेंदों पर पांच चौके और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 93 रन की धमाकेदार पारी खेलते हुए आरसीबी के स्कोर को पांच विकेट के नुकसान पर 254 पर पहुंचा दिया।






Rajat Patidar and Jitesh Sharma providing the big final flourish 

