सीतापुर में आंधी और बारिश के बाद लंबे समय तक बाधित रही विद्युत आपूर्ति तथा अघोषित बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार देर शाम करीब 10 बजे सड़क पर फूट पड़ा। शहर के ट्रांसपोर्ट चौराहे और मंडी चुंगी चौराहे पर लोगों ने जाम लगाकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। अचानक जाम लगने से दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि आंधी-तूफान के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति घंटों से ठप पड़ी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बार-बार अघोषित कटौती की जा रही है। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं से वार्ता की और क्षतिग्रस्त लाइनों को जल्द दुरुस्त कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया। जाम के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि आंधी के बाद कई स्थानों पर बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, लेकिन मरम्मत कार्य की रफ्तार धीमी है। वहीं विद्युत विभाग का कहना है कि लगातार टीमों को लगाकर फॉल्ट ठीक कराए जा रहे हैं और जल्द ही सभी क्षेत्रों में सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


