मिर्जापुर में गंगा दशहरा के अवसर पर ऐतिहासिक पक्का घाट पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। राष्ट्रवादी मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां गंगा की विधिवत पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भक्तों ने गंगा की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प लिया। आचार्य पं. नितिन अवस्थी और शशिकांत मालवीय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने धूप, दीप और कपूर से आरती उतारी। इस अवसर पर गंगा घाट ‘हर-हर गंगे’ और ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का आधार हैं। उन्होंने कहा कि सदियों से करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र रही गंगा की पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। देखें, 3 तस्वीरें… राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने इस दौरान कहा कि जनजागरण के बिना संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने गंगा की स्वच्छता के लिए चलाई गई सरकारी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकांश योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण गंगा सफाई की योजनाएं अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई हैं। श्री श्रीवास्तव ने आगे कहा कि आज भी गंगा में गिरते गंदे नाले इस बात का प्रमाण हैं कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखा गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा की स्वच्छता के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय समाज को भी आगे आना चाहिए। इस पूरे आयोजन के दौरान घाट पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां गंगा से सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में अरूण कुमार मिश्रा, सलिल पांडेय, रवि पुरवार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। आनंद अग्रवाल, विपिन गुप्ता ,सूरज सिंह, सत्यम पांडेय ,रोहित केसरवानी , विजय गुप्ता, आशीष पांडेय,अमित पाण्डेय, दीपक श्रीवास्तव, अखिलेश अग्रहरी, मनोज दमकल, शिखा श्रीवास्तव, पूनम केशरी, रश्मि श्रीवास्तव गुड़िया, अभिषेक अग्रहरी एवं पंकज दुबे आदि प्रमुख रुप से उपस्थित रहें।


