बिजनौर में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शाम 5:00 बजे हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने और जन-जागरूकता बढ़ाने पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य तुरंत पूरे किए जाएं। उन्होंने सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस की सघन जांच कराने के सख्त आदेश दिए और कहा कि मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, जिन वाहन चालकों के तीन से चार बार बड़े चालान हो चुके हैं, उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जसजीत कौर ने जनपद में संचालित सभी अवैध कटों को तत्काल बंद कराने का आदेश दिया।
इसमें पेट्रोल पंपों के सामने बनाए गए अवैध कट भी शामिल हैं, जिनके लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजनौर-नजीबाबाद मार्ग पर स्थित झालरा के अवैध कट को भी तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सड़क संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सड़क से संबंधित अधिकारी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, विशेषकर मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले टी-पॉइंट्स और ब्लाइंड मोड़ों पर, मोड़ से कम से कम एक किलोमीटर पहले साइनेज, रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकर का निर्माण गंभीरतापूर्वक सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को सचेत करना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। परिवहन विभाग को बिना फिटनेस, बिना परमिट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एम्बुलेंस सेवाओं की तत्परता और दुर्घटना के बाद त्वरित उपचार की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया। उन्होंने पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


