मेरठ में दुष्कर्म केस वापस न लेने पर धमकी:महिला पर तेजाब फेंकने और पति को गोली मारने की चेतावनी

मेरठ में दुष्कर्म केस वापस न लेने पर धमकी:महिला पर तेजाब फेंकने और पति को गोली मारने की चेतावनी

मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा वापस न लेने पर एक महिला और उसके पति को धमकी दी गई है। आरोप है कि धमकी भरा पत्र भेजकर महिला पर तेजाब डालने और पति को गोली मारने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दिव्यांग युवक ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है। उस समय वह किसी काम से घर से बाहर था, तभी उसका जीजा अख्तर घर आया और उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। घर लौटने पर पत्नी ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाना लिसाड़ी गेट में आरोपी अख्तर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सोमवार देर रात करीब दो बजे किसी ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जब वे बाहर निकले तो वहां कोई नहीं था, लेकिन दरवाजे पर एक धमकी भरा पत्र पड़ा मिला। पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा था कि यदि अख्तर के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो उसकी पत्नी पर तेजाब डाल दिया जाएगा और उसे गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *