हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी और एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहे 3 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस के लगातार जारी अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों में से एक करीब 5 साल से फरार था, जिस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। रावतसर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी सुखप्रीत सिंह उर्फ सिद्धू (27) निवासी 19 एएमपी, शाहपीनी को पकड़ा। आरोपी के खिलाफ 31.55 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में कार्रवाई की गई है। यह गिरफ्तारी 21 मई को पीलीबंगा पुलिस द्वारा सुखचैन सिंह निवासी 24 एफ, श्रीकरणपुर को 31.55 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े जाने के मामले से संबंधित है।
इसी क्रम में पीलीबंगा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में वांछित आरोपी रामरतन उर्फ राजू निवासी जसरासर, बीकानेर को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसे मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। 2 मामलों में 5 साल से फरार बदमाश को दबोचा
हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों में करीब 5 साल से फरार चल रहे आरोपी पुन्नाराम उर्फ फौजी निवासी पांचला सिद्धा, खींवसर को गिरफ्तार किया। पुलिस को डोडा-पोस्त तस्करी के इन दोनों मामलों में उसकी तलाश थी। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों मामलों में 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं।


