डूंगरपुर जिले के प्रभारी सचिव और आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आगामी गर्मियों के मौसम को देखते हुए पानी, बिजली और स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किए गए कंटीन्जेंसी प्लान और फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मेहता ने जिले में अवैध बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला कलेक्टर देशल दान सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने ‘वंदे गंगा अभियान’ और ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को लेकर चर्चा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के सुझावों और जमीनी फीडबैक को सुना। प्रभारी सचिव ने उन क्षेत्रों को विशेष रूप से रेखांकित किया जहां निगरानी में कुछ कमियां पाई गई थीं। उन्होंने संबंधित विभागों को इन कमियों को तुरंत सुधारने और काम में तेजी लाने के आवश्यक निर्देश दिए। अवैध बिजली और पानी के कनेक्शनों पर सख्ती बरतते हुए प्रभारी सचिव ने इन्हें काटने के निर्देश दिए और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस का सहयोग लेने को भी कहा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।


