बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 35 वर्षीय टिल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना फैजगंज बेहटा गांव स्थित मुन्नू नगर चौराहे पर हुई। रजाबारी सिकरी गांव निवासी कल्लू (42) और टिल्लू (35) पुत्र जमुना प्रसाद एक बाइक पर सवार होकर कछला में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वे देर शाम अपने गांव लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने टिल्लू को मृत घोषित कर दिया। कल्लू की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक टिल्लू के शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। टिल्लू अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार, मृतक टिल्लू कलाबाजी और करतब दिखाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात डंपर चालक की तलाश कर रही है।


