जहां पीते नहीं, वहां नशामुक्ति अभियान, इधर हर चौथे चौराहे पर शराबियों की मंडी

जहां पीते नहीं, वहां नशामुक्ति अभियान, इधर हर चौथे चौराहे पर शराबियों की मंडी

आबकारी विभाग स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ियों में नशामुक्ति अभियान चला रहा है, उधर शहर के हर चौथे चौराहे पर अहाते बन गए हैं, लेकिन वहां कार्रवाई नहीं हो रही। एमआर-9 चौराहे पर पिछले दिनों अतिक्रमण हटाए गए, लेकिन कुछ दिनों बाद ही यहां बड़ा शेड लगाकर खुले तौर पर शराबखोरी शुरू कर दी गई है। यही हाल मूसाखेड़ी चौराहा, राजीव गांधी चौराहा, एबी रोड पर बिजलपुर के पहले, आईपीएस के आगे और राऊ बायपास चौराहे पर है। महू नाका और गंगवाल से चंदन नगर चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर अहाते चलते हैं, लेकिन कार्रवाई न तो पुलिस-प्रशासन न ही नगर निगम कर रहा। केसरबाग रोड बंद हुआ तो रातोरात ग्रीन बेल्ट पर लगी शराब दुकान केसरबाग रोड पर आरओबी के कारण पिछले दिनों रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया। शराब दुकान संचालक ने रातोरात न्यू क्लॉथ मार्केट के पास ग्रीन बेल्ट में शराब दुकान खोल दी। पीछे बड़ा शेड भी लगा दिया। सरकार ने 2026 की नई आबकारी नीति में स्पष्ट किया है कि अहाते पूरी तरह बंद रहेंगे। दुकानों के आसपास बैठकर पीना अवैध गतिविधि माना जाएगा, फिर भी नियंत्रण नहीं है। अवैध अहातों से ट्रैफिक बिगड़ रहा। गंदगी भी फैल रही है। महिलाओं को निकलने में मुश्किल होती है। प्रशासन सिर्फ जागरूकता अभियान चला रहा सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जनजागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं एवं समूहों में नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। अन्य राज्यों में ऐसी अराजकता नहीं है 1. महाराष्ट्र : दुकान के आसपास खड़े होकर या बैठकर पीने की अनुमति नहीं है। परमिट रूम या बियर बार के लिए निगम, पुलिस और फायर से एनओसी जरूरी है। 2. राजस्थान : सरकार चुनिंदा लोकेशंस पर मॉडल शॉप का लाइसेंस देती है। सार्वजनिक स्थान पर बैठकर पीने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। 3. उत्तरप्रदेश : मॉडल शॉप के लाइसेंसधारियों को सिर्फ तय परिसर में शराब परोसने की अनुमति। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *