भारतीय सेना के धावक नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आयोजित साउंड रनिंग ट्रैक फेस्ट प्रतियोगिता में उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक अपने नाम किया है।मौजूद जानकारी के अनुसार गुलवीर सिंह ने यह दौड़ 13 मिनट 03.93 सेकंड में पूरी की हैं। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपना ही पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो उन्होंने सितंबर 2024 में जापान में 13 मिनट 11.82 सेकंड के समय के साथ बनाया था।गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता के फाइनल में अलग-अलग देशों के कुल 15 धावकों ने हिस्सा लिया था। इसमें न्यू मैक्सिको के हैबटॉम सैमुअल ने 12 मिनट 57.22 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि गुलवीर सिंह दूसरे स्थान पर रहे हैं।भारतीय सेना ने रविवार को जारी बयान में कहा कि गुलवीर सिंह लगातार मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय लंबी दूरी की दौड़ को नई ऊंचाई दे रहे हैं।बता दें कि साउंड रनिंग ट्रैक फेस्ट अमेरिका की चर्चित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है। इस प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों को तेज समय निकालने और ओलंपिक तथा विश्व चैंपियनशिप के मानक हासिल करने के उद्देश्य से किया जाता हैं।उत्तर प्रदेश के रहने वाले 28 वर्षीय गुलवीर सिंह भारतीय सेना की ग्रेनेडियर रेजिमेंट से जुड़े हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में खेल कोटे के जरिए भारतीय सेना में प्रवेश लिया था और उसके बाद से लगातार लंबी दूरी की दौड़ में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।गौरतलब है कि गुलवीर सिंह पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट से प्रशिक्षण लेते हैं। यह संस्थान भारतीय सेना और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जाता हैं।मार्च 2026 में भी गुलवीर सिंह ने बड़ा इतिहास रचा था। वह 60 मिनट से कम समय में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में 59 मिनट 42 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया था। इसके अलावा गुलवीर सिंह वर्तमान में 5000 मीटर और 10000 मीटर दौड़ के एशियाई चैंपियन भी हैं। उन्होंने दक्षिण कोरिया में आयोजित 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।भारतीय सेना पिछले कई वर्षों से खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। सेना के मिशन ओलंपिक कार्यक्रम के तहत निशानेबाजी, कुश्ती, तीरंदाजी, तलवारबाजी, भारोत्तोलन और नौकायन जैसे कई खेलों में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता हैं।पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट की स्थापना जुलाई 2001 में की गई थी। इसका उद्देश्य सेना और देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना हैं।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi


