डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा है कि भारत जब भी चाहे, अमेरिका और वह खुद उसके साथ खड़े रहेंगे। नई दिल्ली में रविवार को भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसमें ट्रम्प ऑडियो मैसेज पढ़कर सुनाया गया। इसमें ट्रम्प ने कहा, “भारत मुझ पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी मदद की जरूरत पड़े, तो उन्हें पता है कि कहां फोन करना है। वे यहीं फोन करते हैं।” ट्रम्प ने पीएम मोदी को अपना बड़ा प्रशंसक बताते हुए कहा कि वे उनके बहुत बड़े फैन हैं। ट्रम्प ने मार्को रूबियो से कहा, “PM मोदी को मेरी तरफ से नमस्ते कहिए और उन्हें बताइए कि मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।” ट्रम्प ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मार्को सबसे बेहतरीन हैं। वह अमेरिका के इतिहास के सबसे महान विदेश मंत्री के रूप में याद किए जाएंगे।” अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- भारत-अमेरिका में ट्रेड डील जल्द मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्तों की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है और दोनों देशों के बीच जल्द ही व्यापार समझौता होने की उम्मीद है। भारत दौरे के दूसरे दिन रूबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बातचीत की। उन्होंने अब तक के अपने भारत दौरे को शानदार बताया। रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और कूटनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। इसकी बड़ी वजह राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ नीति है, जिसके तहत कई भारतीय उत्पादों पर शुल्क बढ़ाया गया है। रुबियो शनिवार को भारत पहुंचे थे। यह उनका अमेरिकी विदेश मंत्री बनने के बाद पहला आधिकारिक भारत दौरा है। वह मंगलवार को होने वाली क्वाड देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। क्वाड में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं।
ट्रम्प बोले- भारत मुझ पर 100% भरोसा कर सकता है:पीएम मोदी को पता है जरूरत पर कहां फोन करना हैं, मैं और अमेरिका हमेशा खड़े


