Mill Theft 7 Accused Arrested: अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़ी सहकारी कताई मिल में लंबे समय से चल रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 15 लाख 20 हजार रुपये कीमत का चोरी किया गया माल बरामद किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए एक बजाज मैक्सिमा थ्री-व्हीलर और एक ई-रिक्शा को भी कब्जे में लिया है। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, क्योंकि चोरी की इस वारदात में मिल की देखरेख से जुड़े व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है।
भारी मात्रा में औद्योगिक सामान बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में औद्योगिक सामग्री बरामद हुई। इनमें लोहे की प्लेटें, मशीनों के पुर्जे, मोटर, पुलियां, गरारी, बिजली के उपकरण, तांबे और एल्युमिनियम का सामान शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से करीब 29 कुंतल लोहे का सामान, 50 किलो एल्युमिनियम और 50 किलो तांबा बरामद हुआ है। बरामद सामग्री बंद पड़ी कताई मिल की मशीनों और उपकरणों से संबंधित बताई जा रही है।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
इस मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि 23 मई को उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड कानपुर के विधि एवं अनुपालन अधिकारी अभिषेक मिश्र ने नौगावां सादात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि बंद पड़ी कताई मिल से लगातार मशीनों और धातु के सामान की चोरी हो रही है। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 24 मई को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कर्मचारी ने ही रची चोरी की पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मिल लंबे समय से बंद थी और वहां करोड़ों रुपये कीमत की पुरानी मशीनें रखी हुई थीं। मुख्य आरोपी रिहान उर्फ सोनू ने खुलासा किया कि मिल की देखरेख करने वाले धर्मेंद्र शुक्ला ने अपने परिचितों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने धीरे-धीरे मशीनों के पुर्जे निकालकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाना शुरू किया। रात के अंधेरे में आरोपी मिल परिसर में घुसते और मशीनों से धातु के सामान निकालकर वाहन के जरिए सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा देते थे।
30 कुंतल माल बेचने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी कई दिनों से चोरी का सामान इकट्ठा कर रहे थे। जब लगभग 30 कुंतल माल जमा हो गया तो आरोपी उसे बेचने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कामरान, रिहान उर्फ सोनू, सालिम, कामिल, शहादत, सलमान और धर्मेंद्र शुक्ला शामिल हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाना था और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


