आईपीएल-2026 में राजस्थान के स्टार ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर को मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल किया है। साथ ही मुंबई इंडियंस ने सौराष्ट्र के रुचित अहीर को भी साइन किया है। मुंबई इंडियंस के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दोनों चोटिल खिलाड़ियों की जगह लोमरोर और रुचित को टीम में जगह दी गई है। आज दोपहर 3.30 बजे राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस ने महिपाल लोमरोर को 50 लाख और रुचित अहीर को 30 लाख रुपए में साइन किया है। खास बात यह है कि अब राजस्थान के खिलाड़ी महिपाल लोमरोर अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की जर्सी में खेलते नजर आ सकते हैं। ऐसे में वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला मुकाबला लोमरोर के लिए बेहद खास माना जा रहा है। महिपाल लोमरोर राजस्थान क्रिकेट का बड़ा नाम रहे हैं और वे लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा भी रह चुके हैं। जयपुर और राजस्थान के क्रिकेट फैंस उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से अच्छी तरह परिचित हैं। अब वही खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के लिए राजस्थान के खिलाफ मैदान में उतर सकते हैं, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है। आक्रामक बल्लेबाजी से बनी थी पहचान बता दें कि राजस्थान के नागौर जिले से आने वाले महिपाल लोमरोर घरेलू क्रिकेट में लंबे समय से अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी स्पिन गेंदबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज महिपाल ने राजस्थान के लिए रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है। वे भारत की अंडर-19 टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल में महिपाल ने राजस्थान रॉयल्स के जरिए पहचान बनाई, जहां उन्होंने कई अहम पारियां खेलकर खुद को फिनिशर के रूप में साबित किया। इसके बाद वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस का भी हिस्सा रहे। टी-20 फॉर्मेट का स्पेशलिस्ट खिलाड़ी माना जाता है इस सीजन में गुजरात ने उन्हें रिलीज कर दिया था। जबकि नीलामी प्रक्रिया के दौरान किसी भी टीम ने महिपाल पर विश्वास नहीं जताया था। जबकि अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता के कारण महिपाल को टी-20 फॉर्मेट का स्पेशलिस्ट खिलाड़ी माना जाता है। ऐसे में अब आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस से जुड़ने के बाद उनके करियर को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि मुंबई की टीम इस सीजन में पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ सीजन का समापन करना चाहेगी। 9 मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 मैच जीते हैं, जबकि 9 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसी वजह से पांच बार की चैंपियन टीम अंक तालिका में 9वें स्थान पर बनी हुई है। क्विंटन डिकॉक को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान कलाई में चोट लगी थी। मेडिकल जांच के बाद उन्हें पूरे सीजन से बाहर कर दिया गया। वहीं राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दाहिने अंगूठे में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने दोनों खिलाड़ियों को रिहैब के लिए घर भेज दिया है।


