ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवदनी इलाके में एक शादीशुदा महिला के साथ उसके ही पड़ोसी किराएदार ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एक ही मकान में किराए से रहते हैं दोनों
झांसी रोड थाना पुलिस के अनुसार, 29 साल की पीड़िता अपने परिवार के साथ नाका चंद्रवदनी इलाके में किराए से रहती है। वह घरों में खाना बनाने का काम करती है। उसी मकान के दूसरे हिस्से में आरोपी विजय सोनी भी किराएदार के रूप में रहता है। एक ही मकान में रहने के कारण उसका पीड़िता के परिवार में सामान्य आना-जाना था। काम का बहाना बनाकर कमरे पर बुलाया
पीड़िता ने एफआईआर में बताया कि शनिवार रात विजय सोनी ने किसी काम का बहाना बनाकर उसे आवाज दी और अपने कमरे पर बुलाया। भरोसे के चलते महिला बिना किसी शक के वहां चली गई। शुरुआत में सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन इसी दौरान आरोपी की नीयत बिगड़ गई। विरोध करने पर थप्पड़ मारकर मुंह दबाया
महिला का आरोप है कि विजय ने उसे जबरन पकड़ लिया और दुष्कर्म किया। जब उसने शोर मचाने और खुद को छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके गाल पर थप्पड़ मारा और मुंह दबा दिया। रात करीब 1:30 बजे से तड़के 4 बजे के बीच उसने जबरदस्ती वारदात को अंजाम दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी
घटना के बाद जब पीड़िता अपने कमरे में लौटने लगी तो आरोपी ने उसे रोककर धमकाया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया या थाने में शिकायत की तो उसे जान से मार देगा। पति को बताई आपबीती, पुलिस ने दर्ज किया केस
डरी-सहमी महिला ने सुबह अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद पति उसे लेकर झांसी रोड थाने पहुंचा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर विजय सोनी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


