गोरखपुर की 3 सड़कें बनेंगी स्मार्ट:CCTV और ई-चार्जिंग प्वाइंट से होगा लैस, केबल और पाइपलाइन होगी अंडरग्राउंड

गोरखपुर की 3 सड़कें बनेंगी स्मार्ट:CCTV और ई-चार्जिंग प्वाइंट से होगा लैस, केबल और पाइपलाइन होगी अंडरग्राउंड

नगर निगम गोरखपुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीएम ग्रिड सड़क योजना फेज-04 के तहत महानगर की तीन प्रमुख सड़कों का चयन कर लिया है। इन सड़कों के प्रस्ताव को नगर विकास विभाग लखनऊ स्थित यूरीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को भेजने की तैयारी की जा रही है। स्मार्ट होगी 3 सड़कें चयनित सड़कों की कुल लंबाई 3263 मीटर है, जिनके निर्माण और विकास पर लगभग 101 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पहले जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति ली जाएगी। इसके बाद इसे औपचारिक रूप से भेज दिया जाएगा। शुक्रवार को नगर आयुक्त अजय जैन ने नगर निगम और यूरीडा अधिकारियों के साथ शहर की छह सड़कों का भौतिक निरीक्षण किया था। शुरुआती तौर पर 4990 मीटर लंबी सड़कों पर करीब 140 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान लगाया गया था। निरीक्षण और तकनीकी समीक्षा के बाद अधिकारियों ने तीन सड़कों को योजना के लिए सबसे उपयुक्त माना। नगर निगम के अनुसार, इन सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सड़क किनारे भूमिगत डक्ट बनाकर सीवर लाइन, वाटर लाइन और बिजली की केबल डाली जाएंगी ताकि बार-बार सड़क खोदने की जरूरत न पड़े। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, ई-चार्जिंग प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरे और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे। योजना के तहत सड़क किनारे पौधरोपण, डिवाइडर और फुटपाथों पर ग्रीन डेवलपमेंट भी किया जाएगा। साथ ही साइकिल ट्रैक और रोड साइड पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और शहरी सुविधाएं बेहतर हो सकें। नगर आयुक्त के निर्देश पर अन्य सड़कों का भी सर्वेक्षण कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में उन्हें भी योजना में शामिल किया जा सके। प्रस्तावित तीन सड़कें वार्ड-80 राप्तीनगर:
हाइडिल से मेडिकल कॉलेज रोड तक 500 मीटर सड़क का विकास किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 19 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वार्ड-19 गोपालापुर:
रेड चिली रेस्टोरेंट से अमरावती टॉवर होते हुए शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, फिर अमरावती से एसबीआई बैंक होते हुए एनएच सिक्सलेन ब्रिज तक 2333 मीटर सड़क का निर्माण और विकास प्रस्तावित है। इस पर करीब 59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वार्ड-08 चरगांवा:
एजुकेयर क्लोसेज से एसबीआई बैंक एटीएम और जीडीए स्मार्ट रोड तक 730 मीटर सड़क विकसित की जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 23 करोड़ रुपये है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *